- बर्मामाइंस, बागबेड़ा और मानगो थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों की जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार को चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। बर्मामाइंस स्थित दीपू बस्ती में रहने वाली राखी पात्रो के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। पीड़िता ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में टेल्को थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी अभिषेक कुमार और बर्मामाइंस की गांधी बस्ती निवासी राहुल दास को आरोपी बनाया गया है। राखी पात्रो के अनुसार चोरी की घटना 13 दिसंबर से 17 दिसंबर के बीच हुई है। उन्होंने आशंका जताई है कि दोनों आरोपी उनके परिचित हैं और घर में आना-जाना रहा है, इसी कारण उन पर शक है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची में कांग्रेस–भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव, आधे घंटे तक चला हंगामा
बर्मामाइंस क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग परेशान
वहीं दूसरी ओर बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग पानी टंकी के पास से पुलिस ने गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सुनील पात्रो उर्फ टकाल के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा के रामनगर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से गांजा बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : अनुदीप फाउंडेशन का मेगा प्लेसमेंट ड्राइव, 25 से अधिक कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
जमशेदपुर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान
इधर मानगो थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। डिमना रोड स्थित शंकोसाई की रहने वाली विवाहिता शिल्पी चौधरी ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शिल्पी की ससुराल ओडिशा के बालेश्वर में है। उनके आवेदन के आधार पर मानगो थाना में पति मनीष मसंता, ससुर हेमंत मसंता, सास सुनीता कर और ननद मनीषा प्रियदर्शनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
























