- टोल ब्रिज के पास स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचल गया तेज रफ्तार वाहन
- टोल ब्रिज के पास देर रात हुआ हादसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
कदमा थाना क्षेत्र के टोल ब्रिज के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी से जा रहे दो दोस्त तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब दोनों युवक स्कूटी से कहीं जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कदमा थाना पुलिस को दी।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : प्रेम अग्रवाल के DRUCC सदस्य मनोनयन से सरायकेला में हर्ष का माहौल
एक की मौत, दूसरा जिंदगी से जूझ रहा
सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अनवारूल हक़ (25) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी फरीद की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मृतक अनवारूल हक़ और घायल फरीद दोनों कपाली के अली नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : चांडिल वन क्षेत्र में एक साल में तीसरी हाथी की मौत, वन विभाग पर उठे सवाल
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अनवारूल हक़ की बहन ने बताया कि वह पेशे से पुट्टी मिस्त्री था और परिवार का मुख्य सहारा था। शनिवार रात वह दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हुए और फोन करने पर मोबाइल बंद मिला। रविवार सुबह कदमा पुलिस से उसके भाई की मौत की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने दोषी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
























