- कार टक्कर के विवाद ने थाना में लिया हिंसक रूप
- पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिसकर्मी भी हुए घायल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो थाना परिसर में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आपसी विवाद को लेकर दो पक्ष थाना के अंदर ही आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई और थाना परिसर कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं। मारपीट के दौरान थाना में रखी कुर्सियां टूट गईं, कई महत्वपूर्ण फाइलें बिखर गईं और फाइल स्टैंड को भी नुकसान पहुंचा। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र में आपत्तिजनक स्थिति में छह गिरफ्तार, एक युवक के पास से अवैध हथियार बरामद
थाना परिसर में कैसे बिगड़े हालात
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को बुलाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों को अलग कराया जा सका। सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद भी मानगो थाना पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत रविवार रात करीब 8.30 बजे मानगो रोड नंबर-1 पर कार की टक्कर को लेकर हुई थी। सड़क पर पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए थे, जिसके बाद वे शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : लोवागोड़ा में सामुदायिक भवन का उद्घाटन, मारांग दोसोन पर उमड़ा जनसमर्थन
क्यूआरटी बुलाने के बाद संभली स्थिति
थाना में पहुंचे दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद भड़क उठा और मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया। मानगो रोड नंबर-1 निवासी रहमत खान उर्फ अन्न के बेटे साद सईद खान ने आरोप लगाया है कि कार टकराने के बाद सायान अहमद ने अपने साथियों अंजू और सरफराज के साथ मिलकर उन पर हमला किया। आरोप है कि उस्तरा से किए गए हमले में सैफ अली और अमीर आलम घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष से सायान अहमद के चाचा मुख्तार अहमद का कहना है कि रहमत खान और उनके बेटे आराफ सईद खान समेत अन्य लोगों ने उनकी कार पर पथराव किया, जिसमें संजू को गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच अस्पताल संचालन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जो इस घटना के दौरान फिर उभरकर सामने आया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
























