- दुकान पर रोज पैसे मांगने से परेशान महिला का फूटा गुस्सा, बच्चा रोता रहा–‘मां छोड़ द’
- घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने शांत कराया झगड़ा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जुबली पार्क के पास मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चाय दुकान चलाने वाली महिला ने अपने पति की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो महिला अपनी दुकान पर काम कर रही थी, तभी उसका पति पहुँचा और रोज़ की तरह दुकान की कमाई में से पैसे मांगने लगा। महिला द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर पहले बहसबाजी शुरू हुई और फिर मामला हिंसक हो गया। महिला का आरोप है कि उसका पति कोई काम नहीं करता, न ही घर खर्च में मदद करता है, बल्कि आए दिन उसे और उसके बच्चे को गंदी-गंदी गालियाँ देता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिरसा नगर पुलिस का बड़ा खुलासा: इंजीनियरिंग कंपनी से लूट के दो आरोपी गिरफ्तार
घरेलू कलह ने लिया सड़क पर हंगामे का रूप
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि पति लगातार महिला को अपशब्द कह रहा था, जिसके बाद महिला अपना आपा खो बैठी और सड़क पर ही उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान महिला का छोटा बच्चा रोते हुए बार-बार कह रहा था—“मां छोड़ द, पुलिस आ जएग्ग”—लेकिन गुस्से में डूबी महिला रुकी नहीं। गुस्से में उसने सार्वजनिक रूप से यह भी कह दिया कि अब वह पति से किसी भी तरह का रिश्ता नहीं रखना चाहती। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग किया। मामले की सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को भी दी गई है, जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
























