- स्वतंत्रता दिवस पर कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने साझा की विश्वविद्यालय की सफलताएं, छात्राओं ने बढ़ाया संस्थान का मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के बिष्टुपुर और सिदगोड़ा कैम्पस में कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्र के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने आज़ादी के संघर्ष की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता केवल 1947 की घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे 1857 की क्रांति और उससे पहले झारखंड सहित भारत के विभिन्न क्षेत्रों में हुए जनजातीय विद्रोह जैसे संघर्ष भी शामिल हैं। इस मौके पर उन्होंने सभी को आजादी के सही अर्थ को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : “अधूरी है स्वतंत्रता की पूर्णता : अमरप्रीत सिंह काले का नशा, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर प्रहार”
“आज़ादी का सही अर्थ है उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ना – कुलपति”
अपने संबोधन में कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में सभी शैक्षणिक सत्र और परीक्षाएं समय पर संपन्न हो रही हैं। NEP आधारित पाठ्यक्रम भी व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहे हैं। विश्वविद्यालय में अब तक दो दीक्षांत समारोह सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं और द्वितीय GE की परीक्षा आयोजित होना भी एक बड़ी उपलब्धि है। कुलपति ने टीमवर्क को संस्थान की मजबूती का आधार बताया और कहा कि यहां शिक्षकों और कर्मचारियों का समर्पण ही विश्वविद्यालय को आगे ले जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Bihar : गोपालगंज में शराब तस्करों का उत्पाद टीम पर हमला, एक जवान शहीद, एक की हालत गंभीर
“NEP के सफल क्रियान्वयन के साथ समय पर परीक्षाएं, दो दीक्षांत समारोह – विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धियां”
कुलपति ने एनसीसी और एनएसएस इकाइयों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि एनसीसी कैडेट हेमंती पातर ने रूस में आयोजित यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में भाग लेकर देश और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। खेल क्षेत्र में भी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है – अंग्रेजी विभाग की कर्णिका दास ने चेन्नई में अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप 2025 में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं बीपीएड की शिवांगी कुमारी ने राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम से जीत हासिल की।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : टीपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति से सराबोर हुआ माहौल
“खेल और एनसीसी में छात्राओं की दमदार भागीदारी, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर परचम लहराया”
कुलपति ने प्लेसमेंट और प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्राओं की सफलता को लेकर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की छात्राएँ विप्रो और टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियों में चयनित हुई हैं। नेट की परीक्षा में इस वर्ष विभिन्न विषयों से कुल 10 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है। पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 4 छात्राओं ने सफलता पाई और अंग्रेजी विभाग की माम्पी अधिकारी ने जेपीएससी में 102वां स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रौशन किया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पा कुमारी ने किया और समापन डॉ. सनातन दीप और छात्राओं द्वारा ‘वन्दे मातरम्’ गायन के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव श्री राजेन्द्र कुमार जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में सभी संकायों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
























