- ससुराल पक्ष पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप
- पति की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद बढ़ा उत्पीड़न
- थानों में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला बिमला कुमारी ने बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। भ्रष्टाचार निरोधक जांच गिरोह की जिला सचिव ने बताया कि बिमला की शादी 20 अप्रैल 2024 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। उसके पति की सड़क दुर्घटना में 15 फरवरी 2025 को मौत हो गई। पति की मृत्यु के कुछ महीनों बाद ही बिमला पर ससुराल सरजामदा, परसुडीह में मारपीट और उत्पीड़न शुरू हो गया। अंततः उसे घर से निकाल दिया गया। मायके आने के बाद भी परिजनों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, परंतु ससुराल पक्ष नहीं माना। बिमला ने 25 नवंबर को परसुडीह और साकची महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में नशे की वस्तुओं की बिक्री पर सख्ती के निर्देश
समाजसेवी संगठन की पहल, दहेज में दिए पैसे और सामान लौटाने की मांग
इन परिस्थितियों में बिमला कुमारी ने समाजसेवी सह भ्रष्टाचार निरोधक जांच गिरोह की जिला सचिव से संपर्क किया। बुधवार को संगठन की प्रतिनिधि पीड़िता को लेकर सिटी एसपी के कार्यालय पहुँची और लिखित ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में दिए गए पैसे और सामान वापस दिलाया जाए, ताकि वह अपना भरण-पोषण कर सके। प्रतिनिधियों ने बताया कि पीड़िता लगातार न्याय के लिए चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कहीं से राहत नहीं मिली है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
























