- 25 दिसंबर तक नहीं कटेगा कोई पानी कनेक्शन, लगेगा विशेष कैंप
- SAP नंबर के लिए अलग काउंटर, गरीबों को मिलेगी बड़ी राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भुईयांडीह स्थित कल्याण नगर बस्ती में मंगलवार को तब विवाद की स्थिति पैदा हो गई जब टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) की वाटर डिपार्टमेंट टीम सरकारी अधिकारियों के साथ पानी के अवैध कनेक्शन काटने पहुंची। बस्ती में कई परिवारों के पास वैध कनेक्शन मौजूद हैं, जबकि कई आवेदन प्रक्रिया में लंबित हैं। जैसे ही टीम ने कुछ लाइनों को काटने की कार्रवाई शुरू की, स्थानीय लोग विरोध में उग्र हो गए। स्थिति बिगड़ती देख सूचना तत्काल विधायक पूर्णिमा साहू तक पहुंचाई गई। उन्होंने तुरंत यूआईएसएल वाटर डिपार्टमेंट के हेड संजीव झा और एसडीओ से फोन पर बात कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद मामला और न बढ़े, इसके लिए विधायक ने अपने प्रतिनिधि गुंजन यादव को मौके पर भेजा। वहां मौजूद टाटा स्टील यूआईएसएल अधिकारियों, मजिस्ट्रेट तथा स्थानीय युवाओं की मौजूदगी में शांतिपूर्ण वार्ता की गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पद्मश्री अनुशंसित डॉक्टर नागेंद्र सिंह का निधन, जमशेदपुर में शोक की लहर
स्थानीय विरोध के बीच प्रशासन–यूआईएसएल–जनप्रतिनिधि की संयुक्त वार्ता
विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव ने बताया कि विधायक पूर्णिमा साहू के हस्तक्षेप के बाद यह निर्णय लिया गया कि 25 दिसंबर तक किसी भी घर का पानी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यूआईएसएल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि जिन लोगों ने पहले ही आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें कॉल कर दस्तावेजों की सरल जांच प्रक्रिया के बाद वैध कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, जिन परिवारों ने अभी तक आवेदन नहीं दिया है, उनके लिए कल्याण नगर में एक सप्ताह तक विशेष कैंप लगाया जाएगा। गुरुवार से पूरे क्षेत्र में माइकिंग कर लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी तथा भाजपा कार्यकर्ता भी इस अभियान में सहयोग करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी परिवार निर्धारित तिथि में कैंप तक पहुंचकर अपना आवेदन जमा कर सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ओमप्रकाश अग्रवाल बने जिला अध्यक्ष, दीपक अग्रवाल को मिली महामंत्री की जिम्मेदारी
सभी लंबित आवेदनों की होगी सुविधा पूर्वक प्रक्रिया
गुंजन यादव ने बताया कि अधिकांश बस्तीवासियों के पास आधार, राशन कार्ड, वोटर आईडी और बिजली बिल जैसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। केवल SAP नंबर न होने के कारण कनेक्शन में अड़चन आ रही थी। इसे देखते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने निर्देश दिया है कि SAP नंबर जारी करने के लिए जुस्को तथा जमशेदपुर अक्षेस द्वारा अलग काउंटर लगाया जाए, ताकि गरीब और साधनहीन लोगों को अतिरिक्त दौड़–भाग और खर्च का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा पर किसी भी परिवार का अधिकार बाधित नहीं होना चाहिए। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, महिला समूह और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पूरा मामला शांतिपूर्ण रूप से सुलझाया गया। इस निर्णय से बस्ती में राहत का माहौल है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि अब बिना किसी परेशानी के उन्हें वैध कनेक्शन उपलब्ध होंगे।
























