- सिटी डीएसपी ने किया मामले का खुलासा, आरोपी शुभम सिंह को भेजा जाएगा जेल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती के मकान नंबर 45 से पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान 28 वर्षीय शुभम सिंह के रूप में हुई है, जो इसी बस्ती का निवासी है। उसके पास से 500 रुपये नकद, 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन लगभग 3 ग्राम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि नामदा बस्ती में नशे की खरीद-बिक्री की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत छापेमारी टीम का गठन किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पीड़ित महिला बिमला कुमारी ने सिटी एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी, तलाशी में मिली नशे की पुड़िया
डीएसपी ने बताया कि 9 दिसंबर की शाम पुलिस टीम ने नामदा बस्ती स्थित घर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही शुभम सिंह भागने लगा, लेकिन अन्य पुलिस बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। मामले में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है और आरोपी को जेल भेजने की तैयारी है। पुलिस ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही।
























