- सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर बना रहा था रील, रंगदारी की थी मंशा
- अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ युवक धराया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कपाली ओपी पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध 7.65 एमएम पिस्टल, जिस पर “USA” अंकित है, तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान कपाली क्षेत्र के हाशमी मोहल्ला निवासी शेख इरफान के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास हथियार होना क्षेत्र की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा गया।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : खड़गपुर में दक्षिण पूर्व रेलवे की अंतर मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता 2025 संपन्न
रंगदारी की साजिश की जांच, पुलिस आगे भी रहेगी सख्त
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से अवैध पिस्टल के साथ वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि उसकी मंशा रंगदारी वसूलने की थी। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी किसके इशारे पर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और उसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय लोगों ने कपाली पुलिस की तत्परता और सख्ती की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


























