- स्टील की बोतल से सिर पर वार, एक युवती गंभीर घायल, आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
- अभिभावकों ने की शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत आमबागान स्थित सना कॉम्प्लेक्स में संचालित एक निजी निर्माण लाइब्रेरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक एक युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने स्टील की पानी की बोतल से युवती के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के वक्त लाइब्रेरी में कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जो अचानक हुई इस हिंसक वारदात से सहम गए। घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में गंभीर चोट के कारण टांके लगाए गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी तक फोर लेन पुल और सड़क निर्माण का विधिवत शुभारंभ
साकची में शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल
हमले के बाद आरोपी युवक लाइब्रेरी से बाहर निकलकर भागने लगा। इसी दौरान नीचे परिसर में खड़ी एक अन्य युवती पर भी उसने हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और उसके साथ मारपीट करने लगा। अचानक हुई इस घटना से पूरे कॉम्प्लेक्स में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों और छात्रों ने साहस दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़कर काबू में कर लिया। घटना की सूचना तुरंत साकची थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं का पक्षपातपूर्ण रवैया निहायत ही गलत – सरयू राय
आमबागान सना कॉम्प्लेक्स में मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक का व्यवहार पहले भी संदिग्ध रहा है, हालांकि उसके और युवतियों के बीच किसी पुराने विवाद की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। लाइब्रेरी संचालक और वहां मौजूद छात्रों से भी बयान लिए जा रहे हैं। साकची थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं अभिभावकों ने लाइब्रेरी जैसी शैक्षणिक जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
























