- झामुमो ने घाटशिला विधानसभा में जनसंपर्क अभियान को दी रफ्तार, हजारों ग्रामीणों ने दिखाया समर्थन
- जोबा मांझी ने की अपील — “सोमेश की जीत ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि”
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में अब चुनावी सरगर्मी चरम पर है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए दिवंगत विधायक स्व. रामदास सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमोनी सोरेन को मैदान में उतारा है। शुक्रवार को मुसाबनी प्रखंड के जादूगोड़ा, सुरदा क्रॉसिंग और बेनासोल क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पश्चिमी सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, पूर्व सांसद सुमन महतो, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, तथा जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू समेत कई महिला नेत्रियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीण उमड़े और झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के समर्थन में जमकर नारे लगाए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : झामुमो ने विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों ने जताया समर्थन
घाटशिला में झामुमो का जनसंपर्क अभियान हुआ तेज

भावुक संबोधन में सूरजमोनी सोरेन ने कहा, “मेरे पति ने हर पल घाटशिला की जनता के लिए जीया। उनका सपना था कि यह इलाका झारखंड के विकास मॉडल के रूप में जाना जाए। लेकिन नियति ने उन्हें हमसे छीन लिया। उनका असमय निधन केवल हमारे परिवार का नहीं, बल्कि पूरे झामुमो परिवार और घाटशिला की जनता के लिए अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने आगे कहा, “आज मैं एक मां बनकर आई हूं। जैसे आपने मेरे पति पर विश्वास कर उन्हें मंत्री बनाया, वैसे ही अब मेरे बेटे सोमेश को आशीर्वाद दें। वह आप सबका भी बेटा है और अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करेगा।”
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में जनता ने भाजपा को छोड़ा, झामुमो का दामन थामा – हफीजुल हसन
सूरजमोनी बोलीं — “अब सोमेश पूरा करेगा अपने पिता का सपना”
इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी ने कहा, “समय अब कहने का नहीं, करने का है। स्व. रामदास सोरेन ने साबित किया कि वे केवल विधायक नहीं बल्कि जनता के सच्चे अभिभावक थे। ऐसे जनसेवक बार-बार जन्म नहीं लेते।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे सोमेश सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाकर स्व. रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि दें। बेनासोल में सभी ने शहीद दिलीप बेसरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर “शहीद दिलीप बेसरा अमर रहें” का नारा लगाया। पूरे कार्यक्रम में महिला शक्ति की एकजुटता और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।
























