- महिला स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, प्रजनन एवं मातृ देखभाल पर रहेगा विशेष ध्यान
- नई ओपीडी से महिलाओं को इलाज के लिए नहीं भटकना पड़ेगा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक के.आर. चौधरी और महिला कल्याण संगठन (SERWWO) की अध्यक्ष मीरा चौधरी ने स्त्री रोग ओपीडी का उद्घाटन किया। यह नई चिकित्सा इकाई विशेष रूप से रेलवे की महिला लाभार्थियों के लिए समर्पित है। इस ओपीडी में मातृत्व और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं पर विशेष फोकस रहेगा। अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नैदानिक संसाधनों से सुसज्जित यह सुविधा महिलाओं को सुलभ और उच्चस्तरीय उपचार प्रदान करेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : श्रीगणेश ज्वेलर्स ने बेचा नकली ब्रेसलेट, बिल मांगने पर दी धमकी
खड़गपुर मंडल में महिला स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा
कार्यक्रम के दौरान रेलवे अस्पताल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों और महिला कल्याण संगठन के सदस्यों की उपस्थिति रही। ओपीडी के उद्घाटन के बाद उपस्थित अतिथियों ने नई इकाई का निरीक्षण किया और अस्पताल कर्मचारियों से संवाद भी किया। लंबे समय से महसूस की जा रही स्त्री रोग चिकित्सा इकाई की यह शुरुआत महिला लाभार्थियों के लिए राहत लेकर आई है, जिससे अब उन्हें एक ही स्थान पर विशेष स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।