- रेलवे कर्मचारियों की संगीत प्रतिभा ने बांधा समां
- चारों मंडलों के कलाकारों ने दी यादगार प्रस्तुतियां
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे की अंतर मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता (म्यूजिक) 2025 का आयोजन बुधवार को खड़गपुर स्थित बहुविषयक आंचलिक प्रशिक्षण संस्थान (MDZTI) के सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व रेलवे के चारों मंडलों—खड़गपुर, आद्रा, चक्रधरपुर और रांची—से आए लगभग 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान क्लासिकल म्यूजिक (वोकल), क्लासिकल म्यूजिक (इंस्ट्रूमेंटल), लाइट म्यूजिक (वोकल) और लाइट म्यूजिक (इंस्ट्रूमेंटल) जैसी विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतिभागियों ने अपने सुर, ताल और भावनात्मक अभिव्यक्ति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों से गूंजता रहा और हर प्रस्तुति ने रेलवे कर्मचारियों की छिपी हुई सांस्कृतिक प्रतिभा को उजागर किया।
इसे भी पढ़ें : Muri : लोसेरा–पिस्का कच्ची सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक से की मुलाकात
सांस्कृतिक आयोजनों से बढ़ता है आपसी सौहार्द : अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण पूर्व रेलवे की प्रधान मुख्य कार्मिक पदाधिकारी डॉ. महुआ वर्मा उपस्थित रहीं। मंडल रेल प्रबंधक खड़गपुर ललित मोहन पांडे, दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (SERWWO) की अध्यक्ष श्रीमती सुधा पांडे सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक और विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं न केवल कर्मचारियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। वक्ताओं ने कहा कि कार्य के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का संतुलन कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें आयोजकों ने प्रतिभागियों, निर्णायकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन दक्षिण पूर्व रेलवे के सांस्कृतिक जीवन में एक यादगार पहल साबित हुआ।
























