1 सितंबर को गोईलकेरा पंचायत सभागार में होगी महत्वपूर्ण बैठक, ‘हो’ भाषा-लिपि और पारंपरिक पहचान के संरक्षण पर जोर
जयंती समारोह को भव्य बनाने पर हुआ विचार-विमर्श
गांवों में ‘हो’ भाषा में पहचान साइन बोर्ड लगाने की मांग
लाको बोदरा जयंती को लेकर समाज में बढ़ा उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर/गोईलकेरा : आगामी ओत् गुरु कोल लाको बोदरा जयंती समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर रविवार को कार्यक्रम स्थल लाको बोदरा चौक, कायदा में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी ‘हो’ समाज महासभा के गोईलकेरा प्रखंड अध्यक्ष पातोर जोंको ने की। इसमें जयंती समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने तथा गुरु कोल लाको बोदरा की प्रतिमा के लिए छत निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों को समय पर पूरा करने और समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निर्णय लिया गया कि तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 1 सितंबर 2026 को गोईलकेरा ग्राम पंचायत सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : सेवा समर्पण संस्था ने सबर परिवारों के बीच बांटी मच्छरदानियां, मलेरिया से बचाव के प्रति किया जागरूक
‘हो’ भाषा-लिपि के संरक्षण को लेकर रणनीति बनाने पर जोर
बैठक में चक्रधरपुर डिवीजन के डीआरएम को सौंपे गए ज्ञापन पर स्मरण पत्र देने और आगे की रणनीति तय करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले के प्रत्येक गांव में ‘हो’ भाषा की वारङ्ग क्षिति लिपि में मौजा पहचान साइन बोर्ड लगाने की मांग उठाने का निर्णय लिया गया। प्रस्तावित बोर्ड पर मौजा का नाम, मौजा मुंडा का नाम तथा पीड़ एवं इलाका मानकी का नाम अंकित करने की बात कही गई। सदस्यों ने कहा कि यह पहल पारंपरिक व्यवस्था, स्थानीय पहचान तथा ‘हो’ भाषा-लिपि के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि लाको बोदरा जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि भाषा, लिपि, संस्कृति और सामुदायिक पहचान के संरक्षण का सामूहिक संकल्प है। बैठक में मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज चाम्पिया, सचिव नीमा लुगुन, कोषाध्यक्ष रमेश सुरिन, मलकेन्द्र अंगरिया, लक्ष्मण पुरती, जमदार चाम्पिया, मरकस हसा, रामचन्द्र कायदा, मुखिया सोमवारी बाहन्दा, महेंद्र जमुदा और प्रेमसिंह सुरिन सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
























