- छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष पुनः परीक्षा कराने की उठाई आवाज
- कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा 2023 के पेपर लीक मामले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। लंबे समय बाद आयोजित इस परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों ने अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो इस मामले को लेकर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग कार्यालय पहुंचे और अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा से एक दिन पहले ही सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप ग्रुप और विभिन्न समाचार माध्यमों पर प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतें सामने आई हैं, जो परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
इसे भी पढ़ें : Muri : अवैध बालू खनन के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
पेपर लीक से छात्रों में बढ़ी नाराजगी
देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड के कई क्षेत्रों में अभ्यर्थियों को संदिग्ध परिस्थितियों में होटलों में ठहराने की खबरें भी सामने आई हैं। वहीं, तमाड़ थाना क्षेत्र में 160 लोगों को हिरासत में लेने की सूचना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से झारखंड के मेधावी और मेहनती छात्रों का भरोसा लगातार टूटता जा रहा है। यह स्थिति न केवल परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाती है, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ठेका प्रथा के खिलाफ श्रमिक संगठनों का बिगुल, स्थायी कार्यों में ठेका बंद करने की मांग
भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठे सवाल
छात्र नेता ने आयोग के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें सबसे पहले पूरे पेपर लीक प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा उन्होंने परीक्षा को तत्काल रद्द कर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुनः आयोजित करने की बात कही। साथ ही प्रश्नपत्र तैयार करने, प्रिंटिंग, भंडारण और वितरण प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों और एजेंसियों की गहन जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर रविंद्र नाथ महतो, योगेश चंद्र भारती, अजीत कुमार और राजेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।























