- सोनाहातु में कांची और राढ़ू नदी घाटों से हो रहे अवैध खनन पर प्रशासन से कार्रवाई की अपील
- प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बालू खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने आवाज उठाते हुए सोनाहातु अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन की प्रतिलिपि सोनाहातु थाना, उपायुक्त और जिला खनन पदाधिकारी को भी भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में जेएलकेएम सोनाहातु प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर कोईरी, सिल्ली प्रखंड अध्यक्ष हरेकृष्ण महतो, अनुचित मोर्चा के गुहीराम स्वांसी, सियाराम महतो सहित कई ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण क्षेत्र में अवैध खनन का कार्य लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय संसाधनों का दोहन हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ठेका प्रथा के खिलाफ श्रमिक संगठनों का बिगुल, स्थायी कार्यों में ठेका बंद करने की मांग
अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों की बढ़ती नाराजगी
ज्ञापन में बताया गया कि कांची और राढ़ू नदी घाटों से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हाईवा, डंपर और ट्रैक्टर के माध्यम से जेसीबी मशीनों से खुलेआम बालू का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है, बल्कि नदी तटों का क्षरण भी तेजी से बढ़ रहा है और सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। ग्रामीणों ने खनन विकास और विनियमन अधिनियम 1957 तथा बीएनएस 2023 के तहत इसे दंडनीय अपराध बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।























