Share

New Delhi : शिबू सोरेन की तबीयत नाजुक, CM हेमंत सोरेन पिता के इलाज के लिए फिर पहुंचे दिल्ली

  • सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं दिशोम गुरु, कई विशेषज्ञ कर रहे इलाज
  • हेमंत सोरेन दिल्ली में डटे, परिवार और पार्टी में गहरी चिंता

जेबी लाइव, रिपोर्टर

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत एक बार फिर गंभीर हो गई है। 81 वर्षीय शिबू सोरेन पिछले कुछ समय से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की एक टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। वे डायबिटीज, किडनी और दिल की समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे पहले उनकी हार्ट बायपास सर्जरी भी हो चुकी है। हाल ही में ब्रेन स्ट्रोक और पैरालिसिस ने उनकी हालत को और जटिल बना दिया। कुछ समय के लिए स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार हुआ था, लेकिन बीते कुछ दिनों से स्थिति फिर बिगड़ने लगी है। शुक्रवार को अचानक उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद इलाज में जुटे डॉक्टरों ने विदेश से भी विशेषज्ञों की राय ली है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा की गलियों में बढ़ता जा रहा आवारा कुत्तों का आतंक, उपायुक्त तक पहुंची गुहार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पिता की बिगड़ती हालत से लगातार चिंतित हैं। 24 जून से वे अधिकतर समय दिल्ली में ही रह रहे हैं और केवल अत्यावश्यक सरकारी कार्यों के लिए रांची आते-जाते रहे हैं। राष्ट्रपति के झारखंड दौरे और विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियों के लिए वे 30 जुलाई को रांची लौटे थे, लेकिन जैसे ही उन्हें अपने पिता की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली, वे तुरंत शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शिबू सोरेन के इलाज में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के वरिष्ठ विशेषज्ञ शामिल हैं। परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

Scroll to Top