- ध्वजारोहण, मार्च पास्ट और देशभक्ति कार्यक्रमों से गूंजा विद्यालय परिसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, गंगाडीह बेड़ा में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नागेंद्र सिंह द्वारा विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात स्कूली बच्चों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। तिरंगे को सलामी देते हुए बच्चों में देशभक्ति का उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला। विद्यालय परिसर देशभक्ति नारों और राष्ट्रगान की गूंज से देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम
बच्चों को मिला देशभक्ति और अनुशासन का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नागेंद्र सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी के लिए गर्व और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय अध्यक्ष एम.के. झा, महिला कल्याण संस्थान की सितबातों देवी, प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सांस्कृतिक उत्साह और देशभक्ति नारों के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
























