- चालक की सतर्कता से बची जान, आग ने मिनटों में ट्रक को किया राख
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका थाना क्षेत्र के सावनाडीह मुख्य सड़क पर सोमवार देर रात एक गिट्टी लदा हाइवा अचानक आग की चपेट में आ गया, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। कहा जा रहा है कि घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट संभावित कारण है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाइवा सावनाडीह की ओर जा रहा था तभी चालक ने वाहन के अगले हिस्से से धुआं उठते देखा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक लपटों में घिर गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पोटका थाना पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : छात्रवृत्ति आवेदन में आई दिक्कतें, बहरागोड़ा के विद्यार्थियों ने कुणाल षाड़ंगी से लगाई गुहार
दमकल ने पाई आग पर काबू, लेकिन हाइवा पूरी तरह जलकर नष्ट
सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह से नष्ट हो चुका था। सौभाग्य से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के संकेत मिले हैं। वाहन के जले अवशेषों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। देर रात हुई इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सावनाडीह मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया।
























