- पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची बड़ी अनहोनी
- आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के ढेंगमा साप्ताहिक हाट से चार माह के मासूम बच्चे की चोरी की सनसनीखेज घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 14 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार, परिजन खरीदारी में व्यस्त थे तभी मासूम अचानक लापता हो गया। घबराए परिजनों ने तत्काल कोवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी सहयोग के कारण बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे को देखते ही माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा थाना क्षेत्र के बोंगा मांडा निशांत पर दो दिवसीय मकर संक्रांति पर्व का आयोजन
पुलिस की तत्परता से मासूम सुरक्षित परिजनों तक पहुंचा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने साबित कर दिया कि जमशेदपुर पुलिस किसी भी आपात स्थिति में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
























