- पोटका में धान अधिप्राप्ति केंद्र बंद रहने से बढ़ा किसानों का आक्रोश, सीओ को सौंपा ज्ञापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड में धान अधिप्राप्ति केंद्र पिछले डेढ़ माह से बंद रहने और करीब दो महीने पहले लैंप्स में धान जमा करने वाले किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिलने से किसानों में भारी आक्रोश है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका की अंचल अधिकारी (सीओ) निकिता बाला के नाम एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान लगातार परेशान हो रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर किसानों के धान का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और डेढ़ माह से लैंप्स में लगे ताले नहीं खोले गए, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के समर्थन में आंदोलन शुरू करेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में महिला से छेड़खानी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
किसानों को हो रही परेशानी, कुछ लोगों पर मिलीभगत का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ महीने से किसान लगातार लैंप्स का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। प्रखंड अध्यक्ष सौरभ चटर्जी और जिला सचिव जयराम हांसदा ने कहा कि मिलीभगत के कारण कुछ किसानों का धान ऑनलाइन किया जा रहा है, जबकि गरीब और जरूरतमंद किसानों का धान अब तक ऑनलाइन नहीं हो पाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लैंप्स में ताला लगाकर दूसरे स्थानों पर धान का सेटिंग कर ऑनलाइन किया जा रहा है, जिससे वास्तविक किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस कारण किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है और वे अपने हक के लिए आवाज उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची में भीषण आग से छह बाइक और साइकिल जली, इलाके में मची अफरा-तफरी
48 घंटे में भुगतान का नियम, फिर भी किसानों को नहीं मिल रहा पैसा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड सरकार ने धान खरीद के बाद 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान करने का स्पष्ट निर्देश दिया है, लेकिन इसके बावजूद किसानों को समय पर उनका पैसा नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्होंने मिल मालिकों पर भी किसानों से 7 से 8 किलो धान की कटौती करने का आरोप लगाया, जिसे उन्होंने पूरी तरह गलत बताया। नेताओं ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में उनका भुगतान नहीं पहुंचता है, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हक के लिए धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी और आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष लास मुर्मू, प्रखंड सचिव लालटू दास, आनंद पाल, पिंटू गोंडा, गुरु चरण सीट और चंदन मंडल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।























