Share

Potka : पोटका में कांग्रेस का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, 9 अप्रैल तक हर बूथ मजबूत करने का संकल्प

  • बीएलए और ग्राम पंचायत कमेटी गठन पर जोर, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का चलाया जाएगा अभियान

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : पोटका में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन प्रदेश कमेटी के आह्वान पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) और ग्राम पंचायत कमेटियों के गठन को लेकर आयोजित किया गया था। सम्मेलन में “9 अप्रैल तक हर बूथ हो मजबूत” के नारे के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि झारखंड में मतदाताओं की सूची को लेकर कांग्रेस की ओर से बीएलओ-2 (BLO-2) भी बनाए जा रहे हैं, जो मतदाता सूची की निगरानी करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी गरीब या पात्र मतदाता का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से कटने या छूटने न पाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक मतदाताओं को सूची में जोड़ने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पुरी समुद्र में लापता हुआ बहरागोड़ा का होनहार छात्र अनिमेष, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील

सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला सचिव जयराम हांसदा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर बूथ लेवल एजेंट और ग्राम पंचायत कमेटियों को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि “हर बूथ हो हमारा मजबूत” के संकल्प के साथ कांग्रेस संगठन को गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। इस मौके पर कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सुबोध सरदार, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष आनंद दास, प्रखंड अध्यक्ष सौरभ चटर्जी, लासा मुर्मू, गोविंद महाली, ठाकुर सोरेन, सीताराम महतो, लालटू दास, संजय कुमार पत्रो, उत्पल साहू, दुर्गा दास सिंह, मालती सिंह, मधु कैवर्त, सीताराम सोरेन और सत्यनारायण मदीना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Jadugoda : हरियाणा दुर्घटना में मारे गए युवकों के परिवारों को मुआवजा दिलाने की कवायद तेज, उपविकास आयुक्त से सौंपा मांग पत्र

जादूगोड़ा और ईचागढ़ के शहीद परिवारों को आर्थिक मदद देने की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने की बैठक जेबी लाइव,

  • जादूगोड़ा और ईचागढ़ के शहीद परिवारों को आर्थिक मदद देने की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने की बैठक

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : जादूगोड़ा और ईचागढ़ के छह युवकों के परिजनों को मुआवजा राशि दिलाने के लिए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जे एल के एम) ने सक्रिय कदम उठाए हैं। बीते नौ मार्च को हरियाणा के गुरुग्राम में एक कंपनी में मिट्टी धंसने की घटना में जादूगोड़ा थाना अंतर्गत रहने वाले मंगल महतो, संजीव गोप, धनंजय महतो, भागीरथी गोप और ईचागढ़ से शिव शंकर सिंह व परमेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जिला उपाध्यक्ष विमल महतो ने शहीद परिवारों को मुआवजा दिलाने की कवायद तेज कर दी। सोमवार को उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिले के उपविकास आयुक्त नागेश्वर पासवान से मिला और मुआवजा हेतु मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के साथ शहीद परिवारों की सूची भी संलग्न की गई, ताकि मानवीय दृष्टिकोण से परिवारों की आगे की जीविका सुनिश्चित की जा सके।

इसे भी पढ़ें : Gua : सारंडा में तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बिछी सफेद चादर

शहीद परिवारों को हरियाणा सरकार ने पहले ही दी थी आर्थिक मदद

इस मामले में सांसद विद्युत महतो और केंद्रीय रक्षा मंत्री संजय सेठ के पहल पर हरियाणा सरकार ने पहले ही प्रत्येक परिवार को 20-20 लाख रुपये का चेक दिया था। हालांकि झारखंड राज्य सरकार से भी तत्परता दिखाने की मांग की जा रही है ताकि परिवारों की आवश्यक आर्थिक मदद और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। जे एल के एम के नेताओं ने इस मामले में राज्य सरकार को कदम उठाने का आग्रह किया है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ईद, रामनवमी और सरहुल को लेकर प्रशासन अलर्ट, मानगो थाना में शांति समिति की बैठक

प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे जेएलकेएम के वरिष्ठ नेता

उपविकास आयुक्त से मिलने गए प्रतिनिधि मंडल में नगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो, अनुसूचित जाति के कोल्हान अध्यक्ष राजा कालिंदी, जिला उपाध्यक्ष विमल महतो, जिला सचिव शंकर भक्त और राजीव महतो शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त को विस्तार से घटना की जानकारी दी और शहीद परिवारों के लिए राज्य स्तर से भी सहायता की गुहार लगाई। बैठक में यह आश्वासन भी मिला कि राज्य प्रशासन मामले को गंभीरता से देख रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Gua : सारंडा में तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बिछी सफेद चादर

किरीबुरू और मेघाहातुबुरू में 20 मिनट की ओलावृष्टि से सड़कें और मैदान बर्फ की परत जैसे दिखे जेबी लाइव, रिपोर्टर

  • किरीबुरू और मेघाहातुबुरू में 20 मिनट की ओलावृष्टि से सड़कें और मैदान बर्फ की परत जैसे दिखे

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : सारंडा के पहाड़ी क्षेत्र में शनिवार 15 मार्च की रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। रात करीब 8 बजे से शुरू हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने इलाके में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। खासकर किरीबुरू और मेघाहातुबुरू शहर में करीब 20 मिनट तक लगातार ओले गिरते रहे। ओलों की मात्रा इतनी अधिक थी कि सड़कों, मैदानों और खुले स्थानों पर बर्फ की परत जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए पूरा इलाका सफेद चादर से ढका हुआ नजर आया। लगातार गिरते ओलों के कारण शहर के चारों ओर सड़कों, घरों के आसपास और मैदानों में बर्फ जैसे टुकड़े बिखरे पड़े रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ईद, रामनवमी और सरहुल को लेकर प्रशासन अलर्ट, मानगो थाना में शांति समिति की बैठक

ओलावृष्टि से पेड़-पौधों और घरों को हुआ नुकसान

तेज ओलावृष्टि के कारण पेड़-पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर पेड़ों के पत्ते झड़ गए और छोटे पौधे भी क्षतिग्रस्त हो गए। ओलों की मार से वाहनों, घरों की एस्बेस्टस शीट और खुले में बंधे पशुओं को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। वहीं तेज बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे लोगों के बिस्तर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी भीगकर खराब हो गए। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार इतनी तेज ओलावृष्टि लंबे समय बाद देखने को मिली है, जिससे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : खुकड़ाडीह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सरहुल पर्व, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

बारिश से जंगलों में लगी आग पर भी लगी रोक

ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर फलदार पेड़ों पर पड़ा है। इस समय आम और लीची के पेड़ों में आए टिकोला और मंजर ओलों की मार से बड़ी संख्या में गिर गए हैं, जिससे स्थानीय किसानों को नुकसान होने की आशंका है। हालांकि इस तेज बारिश से एक राहत की खबर भी सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से सारंडा के जंगलों में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही थीं, लेकिन इस वर्षा ने जंगलों में लगी आग को काफी हद तक शांत कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर ओलावृष्टि और तेज बारिश के दौरान शहर की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी, जिसे बाद में मौसम सामान्य होने पर बहाल कर दिया गया।

Jamshedpur : ईद, रामनवमी और सरहुल को लेकर प्रशासन अलर्ट, मानगो थाना में शांति समिति की बैठक

त्योहारों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर जोर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर

  • त्योहारों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर जोर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : आगामी ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी को देखते हुए सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओ, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, मानगो नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त समेत विभिन्न समाजों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान त्योहारों के समय साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा नशाखोरी पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग की ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : खुकड़ाडीह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सरहुल पर्व, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

प्रशासन ने सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अधिकारियों ने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से शांति, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक रहा है, इसलिए इसे बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि पर्व के माहौल को खराब करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई कि वे सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।

Jamshedpur : खुकड़ाडीह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सरहुल पर्व, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

पारंपरिक रीति-रिवाज से हुई पूजा-अर्चना, जल-जंगल-जमीन बचाने का दिया संदेश जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर : जमशेदपुर के खुकड़ाडीह गांव में

  • पारंपरिक रीति-रिवाज से हुई पूजा-अर्चना, जल-जंगल-जमीन बचाने का दिया संदेश

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर के खुकड़ाडीह गांव में सरहुल पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन धरती आबा बिरसा मुंडा स्वशासन व्यवस्था संस्कृति रक्षा संघ की ओर से ग्राम प्रधान दामोदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रकृति देवता की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और भाईचारे की कामना की। कार्यक्रम के दौरान साल के फूल और पत्तियों के साथ जहेर थान खुकड़ाडीह में विधि-विधान से पूजा संपन्न हुई। पूजा के बाद महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पूजा स्थल से कार्यक्रम स्थल तक नृत्य करते हुए पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया। सरहुल पर्व के अवसर पर लोगों ने प्रकृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में कांग्रेस का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, 9 अप्रैल तक हर बूथ मजबूत करने का संकल्प

सरहुल के साथ नए फल-फूल के सेवन और शुभ कार्यों की होती है शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत साल के फूल और पत्तियों की पूजा-अर्चना तथा प्रार्थना के साथ की गई। इस दौरान प्रकृति देवता से क्षेत्र में खुशहाली और स्वास्थ्य की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति से ही हमें शुद्ध ऑक्सीजन और जीवनदायिनी संसाधन मिलते हैं, इसलिए इसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर मुंडा स्वशासन व्यवस्था के पोटका प्रखंड अध्यक्ष माधव मुंडा, ग्राम प्रधान दामोदर सिंह, बोध मुंडा, विमल मुंडा और नियारान हेरेंज ने कहा कि पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के अनुसार सरहुल पर्व के साथ ही नए फल-फूल की पूजा कर उनका सेवन शुरू किया जाता है। इसी समय से लोगों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर आना-जाना और शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि इस पर्व के दौरान युवक-युवतियां अपने मनपसंद जीवनसाथी का चयन भी करते हैं और बाद में स्वेच्छा से विवाह बंधन में बंधते हैं। कार्यक्रम में उमेश चंद्र मुंडा, गोपीनाथ मुंडा, विमल मुंडा सहित कई लोग मौजूद रहे।

Baharagoda : पुरी समुद्र में लापता हुआ बहरागोड़ा का होनहार छात्र अनिमेष, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जगन्नाथ पुरी दर्शन के बाद दोस्तों संग समुद्र में नहाने गया था बीटेक छात्र, लहरों में बहकर हुआ लापता जेबी

  • जगन्नाथ पुरी दर्शन के बाद दोस्तों संग समुद्र में नहाने गया था बीटेक छात्र, लहरों में बहकर हुआ लापता

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के रहने वाले 21 वर्षीय छात्र अनिमेष साव के लापता होने से इलाके में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि अनिमेष भुवनेश्वर में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहा था। रविवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ जगन्नाथ मंदिर पुरी में भगवान के दर्शन करने पहुंचा था। पूजा-अर्चना के बाद तीनों दोस्त पास स्थित पुरी समुद्र तट पर घूमने और नहाने चले गए। इसी दौरान समुद्र में नहाते समय अचानक एक तेज लहर आई और अनिमेष को अपने साथ गहरे पानी में खींच ले गई। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में वह लहरों के बीच गायब हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : NH-49 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दूध देने जाते समय हुआ हादसा

10 किलोमीटर तक चल रहा सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही तट पर तैनात लाइफगार्ड और स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल और पेशेवर गोताखोरों की टीम समुद्र में अनिमेष की तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से करीब 10 किलोमीटर के दायरे में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समुद्र की तेज लहरों और गहराई के कारण तलाश अभियान काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि जब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल जाता, तब तक खोज अभियान जारी रखा जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर बाजार में साइकिल दुकान में लगी आग, समय रहते बड़ा हादसा टला

परिवार का इकलौता बेटा था अनिमेष

अनिमेष साव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और परिवार की सारी उम्मीदें उसी पर टिकी थीं। वह सिक्शा ‘ओ’ अनुसंधान (SOA) विश्वविद्यालय में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। घटना की खबर मिलते ही बहरागोड़ा स्थित उसके घर में मातम छा गया। परिजन सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत पुरी के लिए रवाना हो गए, जहां वे समुद्र किनारे अपने बेटे के मिलने की आस में टकटकी लगाए बैठे हैं। पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल है और लोग ईश्वर से अनिमेष के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Baharagoda : NH-49 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दूध देने जाते समय हुआ हादसा

खंडामौदा चौक के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम जेबी लाइव,

  • खंडामौदा चौक के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग 49 (NH-49) पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। यह हादसा खंडामौदा चौक के समीप उस समय हुआ जब गामारिया पंचायत के मालहुआ (राजबांध) गांव निवासी युगल माईती सड़क पार कर रहे थे। जानकारी के अनुसार युगल माईती रोज की तरह सुबह दूध देने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने अपनी साइकिल सड़क किनारे खड़ी की और पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने लगे। इसी दौरान बहरागोड़ा से कोलकाता की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर बाजार में साइकिल दुकान में लगी आग, समय रहते बड़ा हादसा टला

अस्पताल ले जाने के दौरान बुजुर्ग की मौत, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एनएच एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल युगल माईती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने बताया कि टक्कर के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top