- डॉ. कविता परमार ने कहा—सशक्त महिलाएं ही सशक्त समाज की आधारशिला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका प्रखंड के कोवाली स्थित पद्मावत जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार, 19 दिसंबर को सप्तशक्ति संवर्धिनी संगम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसमें करीब 350 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में कुटुंब और पर्यावरण के प्रति भारतीय भाव जागृत करना, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी भाव, सामाजिक समरसता का विकास तथा बच्चों के समग्र और सर्वांगीण विकास में माता की भूमिका को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्या डॉ. कविता परमार एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, ओम और भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन के साथ किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसीई कॉपरेटिव क्रेडिट सोसायटी चुनाव में बड़ा उलटफेर, उमा पदो भक्त को करारी हार
कोवाली में महिला जागरण का संदेश
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सविता महतो ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया, जबकि दीदी जी श्रीमती सविता नायक ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। सप्तशक्ति संगम की मुख्य वक्ता सुश्री शारदा कुमारी ने कहा कि संयुक्त परिवार और आदर्श कुटुंब व्यवस्था की रीढ़ महिलाएं हैं। परिवार को सुखी, सुरक्षित और सक्षम बनाने में महिला का सुदृढ़ और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। द्वितीय वक्ता सुलोचना प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि हर नारी समाज की प्रेरणा और राष्ट्र की आत्मा होती है। मातृशक्ति के बल पर ही समाज का समग्र विकास और कल्याण संभव है। मुख्य अतिथि डॉ. कविता परमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि सशक्त महिलाएं ही सशक्त समाज का आधार हैं और महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी राष्ट्र की प्रगति अधूरी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी में ब्राउन शुगर तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 19 पुड़िया के साथ युवक गिरफ्तार
महिला सशक्तिकरण पर वक्ताओं का जोर
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं प्रेरणादायी महिलाओं को उनके संदेश और वेशभूषा के माध्यम से पहचानने की रोचक प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हल्दीपोखर की सहचरी मुंडा को संयुक्त परिवार के आदर्श उदाहरण के लिए, विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाली संतान की माता बिजो वास्के को तथा पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए शुरूवाली मांझी को मंच पर सम्मानित किया गया। मंच संचालन दीदी जी सरिता महतो एवं छवी मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सविता दीदी जी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय में अध्ययनरत भैया-बहनों की माताओं के अलावा पोषक क्षेत्र की महिलाएं, महिला पंचायत प्रतिनिधि, संकुल संयोजक अरविंद सिंह, संकुल प्रमुख रंजय जी, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के संयोजक आशुतोष मंडल, अध्यक्ष जयहरि सिंह मुंडा, सचिव पिंटू गुप्ता, सहसचिव उज्वल कुमार मंडल, रंजीत सरदार सहित सभी आचार्य एवं दीदी जी उपस्थित रहे।
























