- पोटका में प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक बैठक में छात्रों को तनाव मुक्त रहने के उपाय बताए गए
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका के प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय चाकड़ी में सोमवार को आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक एवं परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के 242 छात्र-छात्राओं को कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने परीक्षा के दौरान तनाव और चिंता कम करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि परीक्षा जीवन का अंत नहीं बल्कि केवल एक पड़ाव है। परीक्षा केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं बल्कि दबाव में काम करने, समय प्रबंधन और चुनौती से निपटने की क्षमता का भी परीक्षण है, जो जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है। छात्रों को स्वयं से प्रतिस्पर्धा करने और ग्रुप डिस्कशन के माध्यम से अध्ययन को एक खेल के समान अपनाने की सलाह दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में शराब पार्टी के दौरान छह गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल और वाहन बरामद
छात्र-छात्राओं को परीक्षा में आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स
धनंजय पासवान ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विषयवार अध्ययन आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करता है और अचानक परीक्षा के समय भय को दूर करता है। उन्होंने छात्रों को अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया और 24 घंटे सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरिंदम मंडल ने किया, जबकि समिति की अध्यक्षता सुदर्शन सरदान ने की। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक जयहरी सिंह मुंडा, उज्जवल कुमार मंडल, अजीत गौढ़ और अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अभिभावक भी उपस्थित थे।
























