- एक ही भवन में मिलेंगी सभी स्वास्थ्य सुविधाएं, 10 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक सीएचसी
- आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया सीएचसी भवन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए सोमवार को नवनिर्मित 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का विधि-विधान के साथ भव्य पूजन किया गया। पूजा अर्चना प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ द्वारा की गई। इस अवसर पर डॉ. सुकांत सीट समेत स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी मौजूद रहे। डॉ. रजनी महाकुड़ ने कहा कि अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी सेवाएं एक ही भवन के नीचे आम लोगों को उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पशु ऋण विवाद में शिकायतकर्ता का ‘यू-टर्न’ : पशुपालन पदाधिकारी को बताया निर्दोष
पोटका में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिला नया ठिकाना

डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि इससे पहले जर्जर और टूटे हुए भवन में सीमित संसाधनों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं देना काफी चुनौतीपूर्ण था। पुराने भवन में बेड की कमी के कारण कई बार मरीजों का इलाज बरामदे में करना पड़ता था। अब करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस नए भवन में 30 बेड, ओपीडी, कुपोषण उपचार केंद्र, टीबी विभाग और सभी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि पूजा-अर्चना के बाद जल्द ही जनप्रतिनिधियों द्वारा इस भवन का भव्य उद्घाटन किया जाएगा, जिसके पश्चात सभी विभागों को चरणबद्ध तरीके से इसी भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा और यहीं से संपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होंगी।
























