- ड्राइवर मौके से फरार, कोवाली थाना को सौंपा गया वाहन
- राजस्व नुकसान रोकने को खनन विभाग की सख्त कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका स्थित ओड़िशा रोड पर मंगलवार देर रात जिला खनन विभाग ने अवैध बालू परिवहन पर नकेल कसने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान माइनिंग इंस्पेक्टर की टीम ने बिना चालान बालू लदे एक हाईवा को पकड़ा। जांच में जब ड्राइवर से कागजात मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और मौका पाकर हाईवा छोड़कर फरार हो गया। खनन विभाग की टीम ने वाहन को जप्त कर कोवाली थाना को सौंप दिया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने तीन बिना कागजात वाले हाईवा पकड़े थे, जिन पर खनन विभाग केस दर्ज कर चुका है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : देवनगर में निजी पार्किंग कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, पुराने विवाद पर उठे शक
ओड़िशा रोड पर अवैध बालू परिवहन पर बढ़ी सख्ती
स्थानीय लोगों के अनुसार ओड़िशा से रात के समय बड़े पैमाने पर बालू का अवैध परिवहन होता है, जिसमें खनन विभाग की ढिलाई भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद कई वाहन बिना जांच-परख के गुजर जाते हैं, जिससे राज्य सरकार को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है। नवीन मामले में अब तक प्राथमिक FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की बात कही जा रही है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से हो ताकि अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रोक लगाई जा सके।
























