- 1.03 करोड़ की लागत से बनेगा दो मंजिला विद्यालय, पोटका में शिक्षा के नए युग की शुरुआत
- छह विद्यालय प्लस-2 में उत्क्रमित—पोटका के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के पोटका प्रखंड अंतर्गत सानग्राम में गुरुवार को विधायक संजीव सरदार ने प्लस-2 उच्च विद्यालय भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह परियोजना झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा स्वीकृत की गई है, जिसकी कुल लागत 1 करोड़ 3 लाख रुपये है। निर्माण में 10 कमरे—दो मंजिला (5+5) संरचना—तैयार किए जाएंगे, जिसका कार्य आरकेसीपीएल कंस्ट्रक्शन 15 महीने में पूरा करेगा। शिलान्यास के मौके पर उपस्थित लोगों ने इसे पोटका में शिक्षा के नए युग की शुरुआत बताया।
इसे भी पढ़ें : Rarmgarh : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद सोबरन सोरेन को दी श्रद्धांजलि, कहा- विकास के नए आयाम गढ़ रहा राज्य
10 कमरों वाला आधुनिक भवन—पोटका के छात्रों को मिलेगा बेहतर शिक्षण वातावरण
संबोधन के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि भाजपा राज में हजारों सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए थे, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पोटका में जल्द ही ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना होगी, जो स्थानीय विद्यार्थियों के लिए उच्च स्तरीय शिक्षा का द्वार खोलेगा। विधायक के अनुसार यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को नई ऊँचाई देगी और बच्चों के भविष्य को मजबूती से संवारने में सहायक होगी।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : बिना प्रशिक्षण की अनोखी मिसाल : पहाड़पुर के लुगु मुर्मू की कला ने सबको किया प्रभावित
पोटका को मिलेगा ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’, शिक्षा को नई दिशा देने का संकल्प
विधायक संजीव सरदार ने बताया कि उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप पोटका के इतिहास में पहली बार छह माध्यमिक विद्यालयों को प्लस-2 स्तर में उत्क्रमित किया जा रहा है। इनमें शंकरदा, डोमजुड़ी, राजदोहा, जाहातू, जामडीह और माँगडू के विद्यालय शामिल हैं, जबकि अन्य विद्यालय भी जल्द ही उत्क्रमित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पोटका के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा। कार्यक्रम में मुखिया अभिषेक सरदार, पीएसएस बिनोती सी, प्रधानाध्यापिका बीबी रानी मुंडा, शिक्षक अनिल मुंडा, खगें सरदार, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, आंदोलनकारी सुनील महतो, बबलू चौधरी, पूर्व जिप सदस्य चन्द्रावती महतो और हितेश भगत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
























