- निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य और विशेष रणनीति पर जोर
- स्वास्थ्य और निष्पक्षता पर प्रशासन का विशेष फोकस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारग्राम : आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर झाड़ग्राम जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा भास्कर ने भरोसा दिलाया कि जिले में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की जाएगी। मतदाताओं में विश्वास बहाल करने के लिए लगातार रूट मार्च और फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं। साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त
प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24×7 इंटीग्रेटेड जिला कंट्रोल रूम सक्रिय रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 1950 और हेल्पलाइन 9332789489 जारी की गई है, ताकि मतदाता अपनी समस्याओं का समाधान तुरंत पा सकें। जंगलमहल क्षेत्र की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस बार अनोखी रणनीति अपनाई गई है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें 300 वनकर्मी, ट्रैकर्स और 25 वाहन तैनात रहेंगे। बंदरभूला में रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जबकि संवेदनशील गांवों में मतदान से तीन दिन पहले जागरूकता पर्चे भी वितरित किए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : Muri : उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक पर बढ़ा विवाद, सीबीआई जांच की मांग
जंगलमहल में विशेष रणनीति से बढ़ेगी सुरक्षा
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रत्येक मतदान केंद्र को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और एंबुलेंस से जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। मेडिकल ऑफिसर और एंबुलेंस चालकों के संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही बाहर से आए CAPF जवानों और चुनावकर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि “नो छप्पा”, “नो बूथ जैमिंग” और “नो सोर्स जैमिंग” जैसे निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। सरकारी और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को किसी भी राजनीतिक गतिविधि से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, CAPF समन्वयक प्रवीण त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूबन चंद्र हांसदा और डीएफओ उमर ईमाम ने भी तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।