- बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा उपायों पर चर्चा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रामगढ़ : बुधवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने चुट्टूपालू घाटी में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए उपायों की जानकारी दी। उपायुक्त ने घाटी में लगाई गई हाई मास्ट लाइटों और साइन बोर्ड की संख्या की समीक्षा की और वाहनों की गति नियंत्रण हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh : रामगढ़ में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक
ओवर स्पीडिंग रोकथाम और ब्लैक स्पॉट पर विशेष ध्यान
बैठक में ओवर स्पीडिंग रोकने, घाटी में अतिरिक्त हाई मास्ट लाइट लगाना, सीसीटीवी कैमरे लगाने, वाहन जांच अभियान चलाने, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि दुर्घटना में मदद करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। हिट एंड रन जैसी घटनाओं के लिए लाभ प्रक्रिया और प्रतिक्रिया योजना की भी जानकारी बैठक में साझा की गई।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh : रामगढ़ में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक
हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं अभियान, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों में “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को लागू करने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, एनएचएआई अधिकारी, कार्यपालक अभियंता और अन्य प्रशासनिक अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सभी के लिए सुरक्षित सड़क परिवहन सुनिश्चित करना था।


























