- उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने का दिया निर्देश
- अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासन ने बनाई नई रणनीति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रामगढ़ समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध चल रही कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। उपायुक्त ने हाल के दिनों में अवैध खनन रोकने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की और निर्देश दिया कि इस पर और भी अधिक प्रभावी तरीके से रोक लगाने के लिए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में 21 नवंबर से शुरू होगा ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सरकारी सेवाएं
बैठक के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कोयले के अवैध मुहानों को बंद करने के संबंध में किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि यदि कहीं भी अवैध मुहानों से खनन की सूचना मिले तो त्वरित कार्रवाई कर उन्हें पूरी तरह सील किया जाए और सुरक्षित ढंग से डोजरिंग कराना सुनिश्चित हो। उन्होंने सभी संबंधित परियोजनाओं के महाप्रबंधकों एवं एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर्स को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें और किसी भी प्रकार के अवैध खनन को हर हाल में रोकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राज्यपाल संतोष गंगवार ने जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में छात्राओं को दी उपाधि
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बैठक के दौरान सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर भी सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की जांच करने और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई का आदेश दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, जिला स्तरीय अधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
























