जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची के पुंदाग रोड निवासी संदीप पाटिल को सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती काफी महंगी पड़ गई। जमशेदपुर की रहने वाली एक महिला ने उससे लगभग 1.45 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित संदीप ने आरोपी महिला, सपना सोना, के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, संदीप और सपना की मुलाकात 2022 में सोशल मीडिया पर हुई थी। धीरे-धीरे सपना ने संदीप और उसके परिवार के साथ नजदीकियां बढ़ाईं और उनका भरोसा जीता। आरोप है कि महिला ने भावनात्मक संबंध बनाकर संदीप को धोखे में रखा और फिर ब्लैकमेल कर उससे बड़ी रकम और संपत्ति हड़प ली।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के सदस्यों को मिलेगी मेडिकल सुविधा – अध्यक्ष संजीव भारद्वाज
धोखाधड़ी का तरीका और पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के मुताबिक, सपना ने पहले अपनी बीमार मां के इलाज और भाई की पढ़ाई के नाम पर संदीप से पैसे लेना शुरू किया। इसके बाद, उसने निजी संबंधों की बदनामी की धमकी देकर विभिन्न तरीकों से लाखों रुपये वसूले। महिला ने संदीप के खाते से लगभग 75 लाख रुपये की महंगी घड़ियां, जेवरात और यात्राओं पर खर्च करवाए। इतना ही नहीं, उसने संदीप की दो महंगी एसयूवी गाड़ियां भी अपने कब्जे में ले लीं। जब संदीप को संदेह हुआ, तो उसे पता चला कि सपना जगजीत सिंह नामक एक अन्य व्यक्ति से भी संबंध में है और उसे भी शादी का झांसा दे चुकी है। इस आर्थिक और मानसिक शोषण के बाद संदीप ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
























