- देवेंद्र नाथ महतो ने किया जेपीएससी कार्यालय पर धरना, भ्रष्टाचार का आरोप
- जेपीएससी छात्रों के अधिकारों पर गंभीर प्रश्न खड़ा कर रहा है
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची में जेपीएससी फूड सेफ्टी ऑफिसर का रिजल्ट 18 माह से लंबित है, जिससे अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। इस लंबित परिणाम को लेकर झारखंड के कई अभ्यर्थी जेपीएससी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों के आंदोलन को जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो का समर्थन मिला। देवेंद्र नाथ महतो ने जेपीएससी सचिव से छात्रों की समस्या सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन सचिव संदीप कुमार ने मुलाकात से इनकार कर दिया। इसके बाद महतो छात्रों के साथ जेपीएससी कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना देकर घंटों जाम कर दिया। महतो ने कहा कि जेपीएससी भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है और रिजल्ट 18 माह से जारी न करना इसके चरमोत्कर्ष को दर्शाता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ का मिलन समारोह, सेल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
जेपीएससी में लंबित परिणामों को लेकर छात्रों का विरोध
छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि जेपीएससी झारखंड के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। फूड सेफ्टी ऑफिसर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 18/2023 के तहत 56 पदों पर आवेदन मांगे गए थे और परीक्षा 27 मई 2024 को संपन्न हुई थी। बावजूद इसके 18 माह बीत जाने के बाद रिजल्ट जारी नहीं किया गया और न ही इसकी कोई सूचना या आगामी प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी गई। इससे अभ्यर्थी मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं। देवेंद्र नाथ महतो ने चेताया कि फूड सेफ्टी ऑफिसर रिजल्ट जारी होने तक अनिश्चितकालीन संघर्ष जारी रहेगा और छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
























