- e-Kalyan पोर्टल की खराब व्यवस्था और निधि उपलब्ध नहीं होने पर उठे सवाल
- केंद्र से राशि न मिलने को बताया देरी का कारण, विधायकों ने जताई चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
षष्ठम् झारखंड विधानसभा के द्वितीय (बजट) सत्र के शून्यकाल के दौरान जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने राज्यभर के छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि e-Kalyan छात्रवृत्ति में लगातार हो रही देरी से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि पोर्टल की खराब व्यवस्था और विभागीय लापरवाही के कारण छात्र महीनों से आर्थिक संकट, कर्ज़ के बोझ और पढ़ाई के खर्चों को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। विधायक ने आसन के माध्यम से मांग की कि सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर छात्रवृत्ति राशि के भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राज्य हथकरघा प्रदर्शनी में चमका गोड्डा का ‘सपना सिल्क’, तसर कला ने बटोरा खास आकर्षण
e-Kalyan की गड़बड़ी से परेशान छात्र, आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार
विधायक मंगल कालिंदी ने आगे कहा कि झारखंड में छात्रवृत्ति का प्रावधान केंद्र सरकार और राज्य सरकार की साझेदारी मॉडल (60:40) के तहत संचालित होता है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार की ओर से समय पर राशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिसके चलते भुगतान प्रक्रिया बाधित हो रही है और छात्रों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह इस मामले में गंभीर पहल करते हुए केंद्र से समन्वय स्थापित करे, ताकि छात्रवृत्ति की राशि शीघ्र जारी की जा सके और छात्रों की शैक्षणिक यात्रा प्रभावित न हो।
























