जेबी लाइव, रिपोर्टर
मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, 22 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। 17 और 18 अगस्त को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 19 अगस्त को दक्षिणी और मध्य भागों में भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान, 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। 20 अगस्त को भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, 21 और 22 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों दोनों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी महंगी, युवक से 1.45 करोड़ की ठगी
मौसम का वर्तमान और आगामी प्रभाव
झारखंड में बारिश का मुख्य कारण दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के पास बना ‘लो-प्रेशर एरिया’ है। यह प्रणाली धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रही है और 18 अगस्त तक गुजरात तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी में 18 अगस्त को एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी। बीते 24 घंटों में रांची में 27.4 मिमी, जमशेदपुर में 33.1 मिमी, धनबाद में 37.4 मिमी और देवघर में 37.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गोड्डा का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस और लोहरदगा का न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : पूर्व राजद जिलाध्यक्ष गजानंद साहू से 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
तापमान में होगी गिरावट
अगले पांच दिनों तक झारखंड में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, 20 अगस्त तक राज्य के सभी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहने की संभावना है। रांची और गुमला में तापमान 29 डिग्री पर स्थिर रहेगा, जबकि लोहरदगा और लातेहार में यह घटकर 29 से 30 डिग्री तक हो सकता है। रामगढ़ और हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। दक्षिणी झारखंड (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला) में तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। तापमान में यह गिरावट और बारिश का असर उत्तरी और मध्य हिस्सों में अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

























