- ITC घोटाले में बड़ी कार्रवाई, फर्जी कंपनियों के जरिए सरकारी राजस्व को पहुंचा रहा था नुकसान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
फर्जी GST बिल बनाकर करोड़ों रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के आरोप में बोकारो के व्यापारी प्रतीक कलबलिया को GST इंटेलिजेंस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रतीक कलबलिया फर्जी GST बिलिंग रैकेट का सक्रिय सदस्य है और उसने कई शेल कंपनियां बनाकर फर्जी व्यापार दिखाया। उसने कंटेनेबल इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी बनाकर 16 करोड़ रुपये का फर्जी ITC लाभ लिया था। इस कंपनी में वेद प्रकाश अग्रवाल को डमी निदेशक बनाकर फर्जी लेन-देन संचालित किया जा रहा था। जांच टीम ने बताया कि प्रतीक ने बिना वास्तविक माल आपूर्ति के स्टील, स्क्रैप और अन्य उत्पादों की बिक्री का कागजी कारोबार दिखाकर फर्जी GST बिल जनरेट किए।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : घाटशिला उपचुनाव में भाजपा ने फिर जताया भरोसा, बाबूलाल सोरेन होंगे पार्टी उम्मीदवार
दर्जनों कंपनियों के नाम पर फर्जी बिलिंग, 44 करोड़ के फर्जी ITC का भी खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि प्रतीक कलबलिया ने अपने भतीजे दीपक कलबलिया के नाम पर बनी कंपनी के जरिए 9.50 करोड़ रुपये का गलत ITC लिया। इसके अलावा उसने बासुकीनाथ स्टील, रानी सती इंटरप्राइजेज सहित कई अन्य फर्जी कंपनियों के नाम पर लगभग 44 करोड़ रुपये के फर्जी GST बिल बनाए। कुल मिलाकर प्रतीक कलबलिया पर 250 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी बिलिंग का आरोप है। GST इंटेलिजेंस की टीम ने बताया कि इन फर्जी कंपनियों के माध्यम से वास्तविक सामानों की आपूर्ति नहीं की जाती थी, सिर्फ कागजी लेन-देन दिखाकर सरकार को भारी कर नुकसान पहुंचाया जाता था। मामले में अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है, और इस रैकेट के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
























