- मनोज चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर कलाकारों को दी शुभकामनाएं
- पलामू में 17 दिसंबर को होगी सरायकेला छऊ की भव्य प्रस्तुति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला झारखंड के पलामू जिले में 17 दिसंबर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरायकेला छऊ नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर के लिए राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला के कलाकारों का एक दल आज पलामू के लिए रवाना हुआ। दल का नेतृत्व संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित गुरु बजेंद्र पटनायक एवं राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला के समन्वयक सुदीप कवि कर रहे हैं। रवाना होने से पूर्व सरायकेला आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक एवं नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कलाकारों को हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन वर्षों से सरायकेला की सांस्कृतिक परंपरा और विरासत को संरक्षित एवं विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मरीन ड्राइव गोलचक्कर पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर चालक की मौत
छऊ परंपरा के प्रचार-प्रसार का संकल्प, कई कलाकार शामिल
समन्वयक सुदीप कवि ने बताया कि पलामू की धरती पर सरायकेला छऊ नृत्य की खुशबू बिखेरना कलाकारों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक यात्रा की सफलता में जिला प्रशासन, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, संरक्षक मनोज चौधरी तथा आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला मोहंती का विशेष योगदान है। उनका कहना था कि विभिन्न मंचों के माध्यम से कलाकारों को एकजुट कर अपनी माटी और परंपरा का प्रचार-प्रसार करना हमारा परम कर्तव्य है। पलामू में होने वाला यह कार्यक्रम न केवल वहां की सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ाएगा, बल्कि सरायकेला छऊ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगा। इस दल में ब्रजेंद्र पटनायक, तरुण भोल, गजेन्द्र महंती, ठाकुर सरदार, मिहिर लाल महतो, गोपाल पटनायक, सिद्धेश्वर दारोगा, कुना सामल, पंकज साहू, अमन कर, अनिमेष कर, गणेश महंती और पारसनाथ पाथाल शामिल हैं। मौके पर कला प्रेमी सुशील आचार्य, कलाकार संतोष कर, कला संस्कृति मंच के जिला अध्यक्ष अविनाश कवि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
























