जेबी लाइव, रिपोर्टर
ईचागढ़ के निवासी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने दो व्यक्तियों पर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने ईचागढ़ थाना में छोटू घोष और तापस घोष के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 14 अगस्त को जब अमीन उनकी जमीन का सीमांकन करने आया, तो दोनों आरोपी वहां पहुंचे और विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने अमीन को काम करने से रोक दिया और उसे भगा दिया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी महंगी, युवक से 1.45 करोड़ की ठगी
पुलिस की निष्क्रियता से पीड़ित परेशान
गजानंद साहू ने अपनी शिकायत में बताया है कि जमीन का सीमांकन रोकने के बाद आरोपियों ने उनसे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से साहू काफी डरे हुए हैं। दो दिन बीत जाने के बाद भी ईचागढ़ पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे पीड़ित साहू और भी परेशान हैं। उनका कहना है कि आरोपियों का जमीन से कोई लेना-देना नहीं है, वे सिर्फ पैसा चाहते हैं, और पुलिस इस मामले में मौन बनी हुई है।
























