- गौस नगर की घटना से क्षेत्र में दहशत, पुलिस ने जांच शुरू कर खोज अभियान तेज किया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
कपाली ओपी अंतर्गत गौस नगर निवासी 28 वर्षीय आसमा परवीन बीते 4 अक्टूबर की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। चार दिन बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है। आसमा के पति अब्दुल रहमान ने बताया कि घटना वाली रात वे लगभग 8 बजे घर लौटे थे। उन्होंने पत्नी और बेटी के साथ रात का भोजन किया और फिर 9 बजे सोने चले गए। रात करीब 2 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी घर पर नहीं है। उन्होंने तत्काल घर और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह होते-होते मोहल्लेवालों की मदद से तलाश जारी रही, लेकिन आसमा का कोई पता नहीं चल सका।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में विभागों द्वारा जरूरत से अधिक कमरों के उपयोग का मामला उजागर
थक-हारकर आसमा परवीन के पिता मोहम्मद नईम अंसारी ने कपाली ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ओपी प्रभारी ने बताया कि आसमा की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के घरों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही, मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन की भी जांच की जा रही है ताकि किसी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि हर कोण से जांच की जा रही है और जल्द ही महिला का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : वैली व्यू स्कूल में नर्सरी सत्र 2026-27 के लिए फार्म भरने की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू
परिजनों का कहना है कि आसमा परवीन का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही उनके व्यवहार में किसी प्रकार की असामान्यता थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आसमा की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना इलाके में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है, क्योंकि इससे पहले भी कुछ महिलाएं रहस्यमय तरीके से लापता हो चुकी हैं। इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बढ़ गया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी आसमा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय थाने को सूचित करें।
























