- लापता युवक की पहचान हल्दीबनी निवासी बूटन महतो के रूप में हुई
- मछली पकड़ने गए ग्रामीणों ने नदी में देखा शव
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत टिडिंगटीपा गांव के समीप खरकई नदी में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हल्दीबनी गांव निवासी 42 वर्षीय बूटन महतो के रूप में हुई है। बूटन महतो पिछले गुरुवार से लापता थे और परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण जब खरकई नदी के तट पर मछली पकड़ने पहुंचे, तो उन्होंने नदी में एक शव तैरता देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मछुआरों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ एआईडीएसओ का उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन
अंतिम संस्कार में गए थे, शौच के लिए निकले और नहीं लौटे
थाना प्रभारी ने बताया कि बूटन महतो की चाची का निधन हुआ था, जिसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पूरा परिवार टिडिंगटीपा के खरकई नदी घाट गया था। इसी दौरान बूटन शौच जाने की बात कहकर घाट से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरायकेला सदर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
























