- सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- हाईवे और होटल क्षेत्र में सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल थाना अंतर्गत एनएच-33 आसनबनी स्थित होटल टाटा हाईवे में 20 नवंबर की रात हुई फायरिंग की घटना का चांडिल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय खुफिया सूचना के आधार पर तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मो. शहबाज आलम (20), मो. शाहिद रज़ा (19) और मो. फैजान आलम उर्फ मट्ठा (20) शामिल हैं, जो मानगो और आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हाईवे पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : डीएवी गुवा के छात्रों को मिलेगी बस सुविधा, सेल प्रबंधन ने मांग पर जताई सहमति
तकनीकी साक्ष्यों ने खोला मुख्य सुराग
पुलिस ने बताया कि फायरिंग की इस घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान की जा चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है। शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, हालांकि फायरिंग की मंशा और पीछे के विवाद को लेकर जांच अभी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज ने संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक करने में अहम भूमिका निभाई, जिसके बाद विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई और तीनों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो फ्लाइओवर चरण-2 निर्माण पर विवाद, विधायक प्रतिनिधि ने रुकवाया काम; झामुमो ने जताया विरोध
अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश तेज
छापामारी अभियान में चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा, चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, पुअनि राहुल कुमार भारती, अमित कुमार, सअनि सीताराम मार्डी, अजीत मुंडा, सुरेंद्र कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि एनएच-33 पर यात्रियों और स्थानीय होटल संचालकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने बताया कि टीम पूरी तत्परता के साथ शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी और घटना के कारणों की गहराई से जांच में जुटी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
























