- अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस में पदस्थापित हवलदार सागर हेंब्रम (58) का सोमवार सुबह अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, सागर हेंब्रम पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाट गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डीहापुसी गांव के निवासी थे। वे वर्तमान में कपाली ओपी में हवलदार के पद पर कार्यरत थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे थे। सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंच गए और विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मकर संक्रांति और टुसू पर्व पर जमशेदपुर में नो इंट्री लागू
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई
पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि मृतक हवलदार के शव का पोस्टमार्टम सरायकेला सदर अस्पताल में कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सम्मान समारोह के उपरांत शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। हवलदार सागर हेंब्रम को एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार पुलिसकर्मी के रूप में जाना जाता था। उनके निधन को विभाग ने अपूरणीय क्षति बताया है। सहकर्मी और अधिकारी उनके योगदान को याद करते हुए भावुक हो उठे। परिवार और पुलिस महकमा दोनों ही गहरे शोक में डूब गए हैं।


























