- आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, घायल की हालत नाजुक
- आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : कपाली ओपी क्षेत्र के ताज़ नगर स्थित अबू बकर मस्जिद के समीप शनिवार को ईद की खुशियों के बीच एक हिंसक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। दोपहर के समय आपसी विवाद को लेकर रमजान नामक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि रमजान, जो पेशे से पेरिस पुट्ठी का काम करता है, का किसी बात को लेकर एक अन्य युवक से विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी उग्र हो गई और आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के बाद रमजान लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद, भाईचारे का दिया संदेश
मामूली विवाद बना हिंसा की वजह, इलाके में दहशत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल रमजान को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, जबकि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। ईद जैसे पावन पर्व के दिन हुई इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
























