सुरक्षा की घोर लापरवाही, परिजन मुआवजा न मिलने तक अंतिम संस्कार से इंकार
परिजनों और भाजपा नेताओं ने मुआवजे की मांग को लेकर शव रोके रखा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला खरसावां जिले के कोलबीरा स्थित रामा इंफ्राटेक कंपनी के निर्माणाधीन शेड में शुक्रवार सुबह काम कर रहे मजदूर सन्नी यादव (28) ऊँचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक परसुडीह के कीताडीह मानसा मंदिर के पास राजू बगान का निवासी था। जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य बालाजी इंफ्राटेक को सौंपा गया था, जहां सुरक्षा मानकों में घोर लापरवाही सामने आई। सन्नी के परिजनों ने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिलता, शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से मजदूर की मौत
इस दौरान मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष निशिथ कुशवाहा और भाजपा घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से बातचीत की और परिजनों की मांग पर जोर दिया। उनका कहना है कि जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा मिले। पुलिस ने कहा कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने निर्माण क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























