- किसानों को मिलेगा ₹2450 प्रति क्विंटल एमएसपी, पारदर्शी व्यवस्था के निर्देश
- बिचौलियों से बचने की किसानों को प्रशासन की सलाह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला–खरसावाँ जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि जिले में धान क्रय कार्य आगामी 15 दिसंबर से विधिवत रूप से प्रारंभ किया जाएगा। किसानों की सुविधा और सुचारु व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले भर में कुल 27 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ नियमानुसार किसानों से धान की खरीद की जाएगी। सरकार द्वारा इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹2450 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला–राजनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान, ₹32,650 की वसूली
जिले में धान क्रय की तैयारियां पूरी
इस संबंध में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने धान क्रय से जुड़े सभी पैक्स (PACS) संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि धान क्रय के दौरान किसानों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारु एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप हो। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के झांसे में न आएँ और अपनी उपज केवल सरकार द्वारा अधिकृत धान क्रय केंद्रों पर ही बेचें। जिला प्रशासन द्वारा धान क्रय कार्य की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह किसान हितैषी बनी रहे।


























