- रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल में 17 सितंबर 2025 को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत मंडल कार्यालय, सभी स्टेशनों, विभागीय कार्यालयों और इकाइयों में स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं बल्कि यह राष्ट्रीय कर्तव्य है, जिसे हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। शपथ के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं स्वच्छ रहने, दूसरों को प्रेरित करने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा हर वर्ष कम से कम 100 घंटे (सप्ताह में 2 घंटे) श्रमदान करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक के. एन. घोष, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सीमा कुमारी, शाखा अधिकारी, आरपीएफ कर्मी और मंडल कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे। मंडल की सांस्कृतिक टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दिनदहाड़े 10 लाख की चोरी से गोलमुरी में सनसनी
रेलवे कर्मचारियों ने ली स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की शपथ
पूरे मंडल में “गहन स्वच्छता अभियान” की शुरुआत की गई, जिसके तहत स्टेशन, प्लेटफॉर्म, यार्ड, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों की व्यापक साफ-सफाई की जा रही है। इसी क्रम में आद्रा नॉर्थ सेटलमेंट में दक्षिण पूर्व रेलवे स्काउट और गाइड के सदस्यों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया और आम नागरिकों से स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त, मंडल रेल चिकित्सालय, आद्रा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज सेवा और मानवता का संदेश दिया। दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल का यह प्रयास “स्वच्छ भारत मिशन” को जन-जन तक पहुँचाने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
























