- JAC दिशा-निर्देशों के आधार पर 42 मैट्रिक और 30 इंटर परीक्षा केंद्रों के प्रस्ताव को मिली स्वीकृति
- 42 मैट्रिक और 30 इंटर केंद्र अंतिम रूप से चयनित, पारदर्शिता पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वर्ष 2025-26 की माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के दिशा-निर्देशों के आधार पर आवश्यक मापदंडों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंडों से प्राप्त विद्यालयों की उपयुक्तता रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालयों की आधारभूत संरचना, कक्ष क्षमता, विद्युत सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन हेतु आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जांच शामिल थी। विस्तृत समीक्षा के बाद समिति ने रिपोर्टों के आधार पर केंद्रों की संस्तुत सूची को JAC को अनुमोदनार्थ भेजने का निर्णय लिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : रंभा कॉलेज के विद्यार्थियों की पुरी–भुवनेश्वर शैक्षणिक यात्रा संपन्न, सांस्कृतिक और व्यावहारिक ज्ञान से हुए समृद्ध
विद्यालयों की संरचना और सुविधाओं की विस्तृत जांच के बाद केंद्रों का चयन
समिति द्वारा प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों में माध्यमिक परीक्षा के लिए 42 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 30 स्कूलों का चयन किया गया है। ये सभी केंद्र निर्धारित मानकों और उपलब्ध उपयुक्तता रिपोर्टों के अनुरूप पाए गए। बैठक में सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का चयन पारदर्शी तरीके से किया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को बेहतर वातावरण, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षाओं के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहें और किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
























