- मनोज चौधरी बोले—प्राचीन चिकित्सा पद्धतियाँ आज भी प्रभावी और विश्वसनीय
- बड़ी संख्या में पहुंचे बुजुर्ग, चिकित्सा परामर्श व योग सत्रों का उठाया लाभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला आयुष विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क वयोवृद्ध स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया। यह शिविर बिरसा मुंडा स्टेडियम, हंसाहुडी दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर, BMI जांच, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक परामर्श, योग, प्राणायाम तथा निःशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि मनोज चौधरी ने कहा कि आयुर्वेद और होम्योपैथी भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धतियाँ हैं, जो कई असाध्य रोगों के इलाज में प्रभावी हैं। उन्होंने वृद्धजनों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलीडीह में लापता युवक का शव मिलने से सनसनी, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
आयुष विभाग का पहल—स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग पहुंचे और विभिन्न चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श लिया। मौके पर उत्तम कुमार, गौरंगो माहतो, चितो कवि, बहादुर कुमार, लीलू महांती सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। चिकित्सा टीम में डॉ. पूनम, डॉ. मोनालिसा पौडित, डॉ. एम.डी. सैफी ज़ोहे, डॉ. ए.एस. विभूति सहित कई विशेषज्ञ शामिल थे। वहीं योग प्रशिक्षक सुषमा कुमारी, सुषमा महतो, दिनेश कुमार अग्रवाल ने वृद्धजनों को योग व प्राणायाम का अभ्यास कराया। आयोजन के दौरान क्षेत्र के सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया और आयुष विभाग की इस पहल की सराहना की।
























