- जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में चला अभियान, भारी वाहनों की सघन जांच
- नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार सरायकेला–राजनगर थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरीजा शंकर महतो के नेतृत्व में संचालित किया गया। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल ₹32,650 (बत्तीस हजार छह सौ पचास रुपये) की राशि वसूल की गई। अभियान मुख्य रूप से सरायकेला–राजनगर थाना के समीप चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : झारखंड राज्य किसान सभा का 8वां सम्मेलन फरवरी 2026 में, व्यापक तैयारी का निर्णय
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन का सख्त रुख
जांच अभियान के क्रम में विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों के वैध हेवी ड्राइविंग लाइसेंस की सघन जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के वाहन परिचालन न करने को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया और नियमों के पालन की अपील की। अभियान के दौरान राजनगर थाना प्रभारी सहित यातायात पुलिस के पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
























