- नाक से झाग निकलने पर हार्ट अटैक या जहर सेवन की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल स्टेशन बस्ती में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब मोदी फास्ट फूड होटल में कार्यरत कारीगर नागरा सिंह (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नागरा सिंह चालियामा गांव के निवासी थे और पिछले दस वर्षों से होटल में काम कर रहे थे। बताया गया कि रात में होटल स्टाफ ने आपस में छोटी-सी पार्टी की थी और खाने-पीने के बाद सभी सामान्य रूप से सो गए। सुबह जब स्टाफ ने उन्हें उठाने की कोशिश की तो देखा कि नागरा सिंह के नाक से झाग निकल रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट अटैक या जहर सेवन से हुई हो सकती है। होटल मालिक बाबन मोदी और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी तथा उन्हें टेंपो से चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : झारखंड में बढ़ी कड़ाके की ठंड : पांच जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे, गुमला सबसे ठंडा
पोस्ट-मॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, परिवार और पुलिस दोनों स्तब्ध
नागरा सिंह का शव पोस्ट-मॉर्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दो वर्ष पूर्व ही उनका विवाह हुआ था और उनकी एक छोटी बेटी भी है। परिवार में उनकी पत्नी, सास और एक भाई शामिल हैं। घटना की खबर मिलते ही लूपुंगडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भोला सिंह सरदार, समाजसेवी निखिल रंजन महतो तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। नीमडीह पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और होटल स्टाफ व मालिक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक संकेतों के बावजूद पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुँची है और पोस्ट-मॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएँ हैं, जबकि परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
























