- सरायकेला-खरसावां के चंडिल अनुमंडल में नकदी और कीमती सामान की चोरी का पर्दाफाश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावां : जिले के चंडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर दिया है। यह चोरी गौसनगर फुटबॉल मैदान के समीप रहने वाली सन्नु बेगम के घर में हुई थी। बीते दिनों सन्नु बेगम अपने पूरे परिवार के साथ बंगाल के कांटा डीह स्थित चांद सह बाबा के उर्स मुबारक में शामिल होने के लिए घर में ताला बंद कर गई थीं। घर की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिए। लौटने पर घर का ताला टूटा देख पीड़िता ने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : विवेकानंद सरस्वती शिशु मंदिर मानुषमुड़िया में रजत जयंती समारोह, 25 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न
कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस चोरी की साजिश पीड़िता के बेटे राज शेख उर्फ चोट्टा ने रची थी। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच के दौरान जाशीर अंसारी उर्फ जाशीर बच्चा को कमलपुर थाना क्षेत्र के कटिंग इलाके से बस में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी की योजना राज शेख ने बनाई थी और दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसे नशा कराया गया और काले रंग की मोटरसाइकिल से बंगाल में चल रहे उर्स में ले जाया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कदमा से 15 दिनों से लापता वृद्ध महिला, बेटी ने एसएसपी से लगाई मदद की गुहार
चोरी की वारदात में शामिल थे खुद के परिवार के सदस्य
पुलिस ने आरोपी के पास से 2500 रुपये नकद बरामद किए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू के नेतृत्व में टाइगर मोबाइल के जवान दस्तगीर आलम, सुनील हापद गड़हा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा के प्रति संदेश स्पष्ट हुआ।
























